पडरौना, कुशीनगर: मैला नगरी स्थित पीएन पब्लिक एकेडमी में दिन शुक्रवार को विज्ञान प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार की भावना तथा सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और उमंग का संचार दिखाई दिया। विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा नर्सरी से लेकर 12 वीं कक्षाओं तक के विद्यार्थियों ने बढ़- चढ़कर भाग लिया। छात्रों ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, स्मार्ट सिटी, रोबोटिक्स, यातायात प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण, डिजिटल इंडिया तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जैसे विषय प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से न केवल समस्याओं को दर्शाया बल्कि उनके व्यावहारिक समाधान भी प्रस्तुत किए। छात्रों की प्रस्तुति और आत्मविश्वास देखकर अभिभावक व अतिथि अत्यंत प्रभावित नजर आए। विज्ञान प्रदर्शनी के साथ ही साथ विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से उपस्थित सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद देशभक्ति गीतों, लोकनृत्य, समूह नृत्य, एकल नृत्य, नाटक तथा कविता पाठ जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विशेष रूप से सामाजिक कुरीतियों, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता पर आधारित आपरेशन सिंदूर नाट्य प्रस्तुति को खूब सराहना मिली।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुर्गेश कुमार शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने द्वारा बनाए गए मॉडल और प्रोजेक्ट्स से सभी को प्रभावित किया है। इनकी प्रतिभा में कोई कमी नहीं है। एक दिन ये सभी बच्चे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और भविष्य में देश का नाम वैश्विक स्तर पर लेकर जायेंगे।प्रधानाचार्य रितेश कुमार विश्वकर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा निखरकर सामने आती है। विज्ञान प्रदर्शनी छात्रों को प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ती है, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के अंत में विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की खूब सराहना की गई। विद्यालय परिवार द्वारा आए हुए अतिथियों, अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त विद्यालय के उप प्रधानाचार्य आफताब आलम अंसारी ने किया गया। पूरे आयोजन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ प्रेरणादायी भी रहा, जिसे उपस्थित लोगों ने लंबे समय तक यादगार रहेगा। इस अवसर विद्यालय के समस्त अध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और अन्य सभी सहयोगी उपस्थित रहे।
