हाफिज रज़ा हुसैन
कुशीनगर: रबीउल अव्वल का महीना जारी है और पूरी दुनिया के लिए रहमत बनकर आए पैगंबर मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की विलादत की खुशी मनाने की तैयारी में सभी आशिकाने रसूल मसरूफ हैं और उस खास दिन 12/रबीउल अव्वल का इंतजार कर रहे हैं। हर जगह जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौक़ा पर प्रोग्राम या जुलूस की शक्ल में लोग हुज़ूर के इंसानियत व मुहब्बत भरी पैग़ाम को अवाम तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं। जहां बड़े पैमाने पर जुलूस का इंतजाम होता है वहां प्रशासन की सहयोग भी शामिल रहता है ताकि शांति-व्यवस्था क़ायम रहे।
पीस कमेटी की बैठक…..

जनपद कुशीनगर के थाना नेबुआ-नौरंगिया अंतर्गत 24 अगस्त 2026 को पीस कमेटी की बैठक कर लोगों को शांति-व्यवस्था के साथ आपसी भाईचारा क़ायम रखते हुए सौहार्दपूर्ण तरीके से त्यौहार सम्पन्न कराने की अपील की गई।
थानाध्यक्ष की अवाम से अपील…..
SHO संजय दूबे ने लोगों से कहा कि पुलिस की मौजूदगी में अवाम का सहयोग भी जरूरी होता है इसलिए जहां भी पुलिसकर्मी तैनात हों तो अवाम की भी जिम्मेदारी है कि एक भारतीय नागरिक के नाते एक-दूसरे की सहयोग कर कानून – व्यवस्था क़ायम रखने में मदद करें। खासतौर से नौजवान लोग इस बात का ख्याल रखें कि हुड़दंग या सौहार्द बिगाड़ने की स्थिति बिल्कुल भी ना बनाएं, जहां कहीं भी विवाद का अंदेशा हो तो पुलिस को इन्फॉर्म ज़रूर करें, राहगीर या एम्बुलेंस को तुरंत जगह दें और किसी भी तरीके से रास्ते में बाधा ना डालें, किसी को ठेस पहुंचाने वाली बात से भी परहेज़ करें और शांतिपूर्ण ढंग से परम्परागत अपनी त्यौहार मनाएं।

पुलिस की कोई जाति नहीं…..
आखिर में थानाध्यक्ष संजय दूबे ने कहा कि पुलिस की कोई जाति नहीं होती , पुलिस हिन्दू की त्यौहार भी सम्पन्न कराती है और मुस्लिम की त्यौहार भी सम्पन्न कराती है इसलिए अवाम और पुलिस एक-दूसरे की सहयोग कर क़ानून व्यवस्था कायम रखने में मदद करें, इसी तमाम बातों के साथ सभी को ईद-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद पेश किया गया। इस दौरान थाना अंतर्गत तमाम गांव के इमाम व कमेटी के जिम्मेदार मौजूद रहे।
